जसवंतनगर/इटावा। शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त करते हुए चौ० सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा सीनियर सेकेंडरी (कक्षा XII तक) का दर्जा प्रदान किया गया है। इस मान्यता के साथ विद्यालय अब उच्च माध्यमिक स्तर तक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करेगा।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार नए शैक्षणिक सत्र हेतु प्री-नर्सरी, कक्षा IX एवं कक्षा XI में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थियों को साइंस, कॉमर्स तथा ह्यूमैनिटीज़ (मानविकी) तीनों संकायों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। विद्यालय ने सीबीएसई के सभी मानकों एवं अधोसंरचना संबंधी आवश्यकताओं को पूर्ण करते हुए यह मान्यता प्राप्त की है। विद्यालय में डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास रूम, अत्याधुनिक डिजिटल कंप्यूटर लैब, सुसज्जित कॉम्पोजिट लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएं तथा खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं।
ग्रुप के चेयरमैन डॉ. ब्रजेश चंद्र यादव ने विद्यालय परिवार को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे संस्थान के संयुक्त प्रयासों और समर्पण का परिणाम है तथा भविष्य में भी विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि यह उपलब्धि संस्था की गुणवत्ता और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। प्रधानाचार्या मनराज कौर नामधारी ने बताया कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर डॉ. अंजली यादव, डॉ. संदीप पांडेय तथा मनीष चौधरी भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए प्रेरणादायक कदम बताया है।
चौ० सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल को मिली सीनियर सेकेंडरी की मान्यता
