इटावा, 01 अप्रैल 2026।उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, इटावा ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सीएम युवा’ योजना के अंतर्गत जनपद के युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के विजन को साकार करने के उद्देश्य से इस योजना का मुख्य लक्ष्य स्थानीय स्तर पर छोटे उद्योगों एवं सेवा केन्द्रों को बढ़ावा देना है, ताकि युवा रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाले बन सकें।
योजना के तहत युवा अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न प्रकार के प्रोजेक्ट शुरू कर सकते हैं। इसमें कृषि आधारित उद्योग जैसे आटा चक्की, तेल स्पेलर (कोल्हू), मसाला पिसाई इकाई, दाल मिल शामिल हैं। महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों में ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कढ़ाई, बुटीक तथा टेडी बियर निर्माण जैसे व्यवसाय शामिल किए गए हैं। इसके अतिरिक्त तकनीकी एवं सेवा क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर, कंप्यूटर/साइबर कैफे, फोटोकॉपी की दुकान तथा निर्माण इकाइयों में दोना-पत्तल निर्माण, अगरबत्ती निर्माण, फर्नीचर कार्य एवं वेल्डिंग वर्कशॉप जैसे कार्यों के लिए भी ऋण उपलब्ध है।
योजना के लिए पात्रता के तहत आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कक्षा 8 उत्तीर्ण निर्धारित की गई है, जबकि इंटरमीडिएट अथवा समकक्ष को वरीयता दी जाएगी।
इस योजना के अंतर्गत अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ऋण बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे किस्तों में जमा करना होगा। विशेष बात यह है कि यह ऋण 4 वर्षों तक 100 प्रतिशत ब्याज मुक्त रहेगा। साथ ही सरकार द्वारा कुल परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) भी दिया जाएगा। लाभार्थियों को अपने अंशदान के रूप में सामान्य वर्ग को 15 प्रतिशत, ओबीसी वर्ग को 12.5 प्रतिशत तथा एससी/एसटी एवं दिव्यांगजन को 10 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी।
योजना में 6 माह की मोरेटोरियम अवधि भी दी गई है, जिसमें प्रारंभिक समय में किस्त न जमा कर पाने पर भी राहत प्रदान की जाएगी।
उपायुक्त उद्योग ने युवाओं को बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह देते हुए बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है, जिसे msme.up.gov.in पोर्टल पर किया जा सकता है। प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी पोर्टल के माध्यम से 24 से 48 घंटे के भीतर निशुल्क उपलब्ध हो जाती है। कोटेशन अपने नजदीकी दुकानदार या पोर्टल पर उपलब्ध वेंडर्स से भी निःशुल्क प्राप्त किया जा सकता है।
अधिक जानकारी अथवा सहायता के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, एसडी फील्ड, इटावा कार्यालय में सीधे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दलालों से बचते हुए सीधे विभाग से संपर्क कर अपनी फाइल पर चर्चा करें, जिससे जनपद को ‘समृद्ध इटावा’ बनाने में सभी का सहयोग मिल सके।
यूपी सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सीएम युवा’ योजना ने युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर खोले
