इटावा। भारत विकास परिषद धर्मार्थ सेवा शाखा एवं श्री शंकर धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय राहतपुर के संयुक्त तत्वावधान में संस्थान के संस्थापक सदस्य स्व. राजाराम त्रिपाठी चच्चू एवं डा. अशोक चौधरी के पुत्र स्व. शिवा चौधरी की पुण्य स्मृति में 5 सितंबर शुक्रवार को निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया जा रहा है।
श्री शंकर धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय के निदेशक राजेंद्र कुमार दीक्षित ने शिविर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारत विकास परिषद धर्मार्थ सेवा शाखा इटावा के सचिव महेश कुमार बाथम के संयोजन में राहतपुर नेत्र चिकित्सालय में प्रातः दस बजे से लगने वाले इस शिविर में अस्पताल के कुशल चिकित्सकों द्वारा सभी मरीजों के आंखों एवं चश्मे की जांच निशुल्क की जायेगी तथा दवाइयां भी निशुल्क दी जायेंगी। इनमें जो मरीज ऑपरेशन हेतु चिन्हित होंगे उनके निशुल्क ऑपरेशन भी इसी चिकित्सालय में किए जायेंगे।
उन्होंने संस्थान और धर्मार्थ सेवा शाखा के सभी सदस्यों से आग्रह किया है कि वे साढ़े दस बजे चिकित्सालय सभागार में पहुंच कर दिवंगत दोनों महान आत्माओं को श्रद्धांजलि सभा में अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करें। साथ ही उन्होंने लोगों से इस निशुल्क नेत्र शिविर का लाभ उठाने का आग्रह भी किया है।
