जसवंतनगर,इटावा। चौधरी सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज जसवंतनगर इटावा में लैम्प लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह के साथ फ्रेशर पार्टी का प्रेरणास्पद आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव एवं स्वधा हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ.अंजली यादव द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कॉलेज के एमडी अनुज मोंटी यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा,समर्पण और मानवता का प्रतीक है। एक नर्स मरीज के लिए आशा की किरण होती है,इसलिए विद्यार्थियों को अपने कार्य में संवेदनशीलता, अनुशासन एवं ईमानदारी को सर्वोपरि रखना चाहिए।नर्सिंग कॉलेज डायरेक्टर डॉ.रीमा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं नैतिक मूल्यों का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन,क्लीनिकल प्रैक्टिस एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि एक कुशल नर्स समाज की रीढ़ होती है। इसके पश्चात नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए एवं नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को नर्सिंग एवं पैरामेडिकल सेवा की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने मानव सेवा, करुणा,निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।साथ ही फ्रेशर पार्टी में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें बीएससी नर्सिंग से हर्ष को ‘मिस्टर फ्रेशर’ एवं रितिका को ‘मिस फ्रेशर’, जीएनएम से देव शुक्ला को ‘मिस्टर फ्रेशर’ एवं प्राची को ‘मिस फ्रेशर’,जबकि एएनएम वर्ग से पूजा को ‘मिस फ्रेशर’ का खिताब प्रदान किया गया।फ्रेशर पार्टी के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं।सीनियर विद्यार्थियों द्वारा जूनियर छात्रों का आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर ग्रुप के डायरेक्टर डॉ.संदीप पांडे, अशांक हनी यादव,फार्मेसी कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. प्रदीप यादव,इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रविन्द्र पाल,सुरेंद्र शर्मा,गौरव भदोरिया,मनीष चौधरी, फ्रांसिस के.ए.मनराज कौर नामधारी सहित नर्सिंग कॉलेज का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
चौ.सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में लैम्प लाइटिंग सम्पन्न
