जिला सड़क सुरक्षा बैठक में डीएम-एसएसपी के सख्त निर्देश: “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान पर दिया जोर

इटावा, 02 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा एवं स्कूली यान संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 01 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर स्कूल वाहनों की फिटनेस एवं ड्राइवरों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए। उन्होंने “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।


सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व की तुलना में दुर्घटनाओं, मृतकों और घायलों की संख्या में कमी आई है, जो सकारात्मक संकेत है। उन्होंने सभी अवैध कटों को तत्काल बंद करने तथा सर्विस रोड के किनारे रखे सामान को हटाकर अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी गंभीर सड़क दुर्घटना की सूचना रियल टाइम में सभी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए एक समन्वय समूह बनाने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैरियर, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा उपकरण सुनिश्चित करने और अंडरपासों की नियमित सफाई व सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने चौराहों और तिराहों पर अतिक्रमण को गंभीर समस्या बताते हुए रोडवेज बसों के अनावश्यक ठहराव पर रोक लगाने, निर्धारित स्टॉपेज तय करने तथा सवारियों को केवल बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन से ही बैठाने के निर्देश दिए। अन्य डिपो की बसों के अनियंत्रित प्रवेश पर भी नियंत्रण रखने को कहा गया।
बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का चिन्हित अस्पतालों में निःशुल्क उपचार कराया जाएगा। गंभीर मामलों में अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। गोल्डन आवर में कोई भी नागरिक घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उपचार सुनिश्चित करा सकता है।
जनपद के 18 अस्पतालों को इस योजना से जोड़ा गया है, जहां घायलों का निःशुल्क उपचार किया जाएगा। बैठक में एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, सीओ सिटी अभय नारायण राय, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, यातायात प्रभारी सूबेदार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *