इटावा। आगरा–कानपुर नेशनल हाईवे पर पिलखर के समीप स्थित राज होटल/राज पैलेस में पुलिस ने छापेमारी कर देह व्यापार के एक मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान 6 पुरुष एवं 2 महिलाओं सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 फरवरी की रात डायल 112 के माध्यम से थाना इकदिल पुलिस को सूचना मिली कि कमला नगर निवासी विमलेश कुमार के घर के बाहर तीन व्यक्तियों ने उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज एवं अमर्यादित टिप्पणी की। विरोध करने पर आरोपी होटल राज पैलेस में जाकर छिप गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। होटल का मुख्य द्वार बंद मिला, जिसे खुलवाकर पुलिस अंदर दाखिल हुई। तलाशी के दौरान होटल परिसर में 2 महिलाएं एवं 5 पुरुष मौजूद मिले, जबकि कुछ लोग छत के रास्ते भागने की कोशिश करते पकड़े गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया। छत से कूदने के दौरान कुछ आरोपियों को मामूली चोटें आईं।
पुलिस ने मौके से निरोध, बीयर केन, शराब की बोतलें व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में अंकुर शर्मा, निपेन्द्र कुमार, सोहिल, अनुज यादव, राहुल, दीपेन्द्र सहित दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस होटल के दस्तावेजों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उक्त स्थान पर कब से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आगरा–कानपुर हाईवे स्थित राज होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार
