इटावा। जनपद के सैफई हवाई पट्टी से उड़ाया गया एक विशाल ड्रोन तकनीकी खराबी के चलते अनियंत्रित होकर नंदपुर गांव के पास गेहूं के खेत में जा गिरा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि करीब 10 से 12 फीट आकार का यह ड्रोन लगभग 500 मीटर दूर खेत में गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह ड्रोन गुड़गांव की एक निजी कंपनी द्वारा प्रशिक्षण के दौरान उड़ाया जा रहा था। अचानक नियंत्रण खोने के कारण यह नजफ सिंह के खेत में गिर गया, जिससे गेहूं की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा।
घटना के समय ग्रामीणों ने आसमान से गिरते ड्रोन को देखा, जिसके बाद पहले हेलीकॉप्टर गिरने की अफवाह फैल गई। इससे प्रशासनिक महकमे और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेराबंदी कर ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं कंपनी के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ड्रोन पूरी तरह मानवरहित था और इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि खेत में खड़ी फसल को नुकसान जरूर हुआ है।
एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन प्रशिक्षण प्रशासन की अनुमति से किया जा रहा था, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ। मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। वहीं प्रभावित किसान ने फसल नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
सैफई हवाई पट्टी से उड़ा ड्रोन अनियंत्रित होकर गेहूं के खेत में गिरा, मचा हड़कंप
