सर्पदंश पीड़ित को 1 घण्टे में ही अस्पताल लाने से बची जान

इटावा। भरेह क्षेत्र के नीमाडांडा ग्राम निवासी गुड्डी देवी उम्र लगभग 75 वर्ष को आज घर में कार्य करते हुए एक खतरनाक ब्लैक स्पेक्टिकल कोबरा सांप ने हाथ में काट लिया था।

महिला के भतीजे किसान संजय कुमार ने जनपद में संस्था ओशन के द्वारा लगातार चलाए जा रहे सर्पदंश जागरूकता अभियान से प्रेरित होकर स्नेक बाइट हेल्पलाइन पर सर्पदंश विशेषज्ञ डॉ आशीष त्रिपाठी से संपर्क किया जिसके बाद फोटो पर ही स्नेक बाइट के निशान देखकर डॉ आशीष द्वारा गुड्डी देवी को तत्काल ही जिला अस्पताल मोतीझील के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया जिसके बाद तुरंत सही इलाज मिलने से गुड्डी देवी की जान बच गई है। खबर लिखे जाने तक महिला का इलाज जारी है।

गुड्डी देवी के भतीजे किसान संजय द्वारा गांव में झाड़ फूंक न कराकर सूझ बूझ दिखाते हुए सीधे ही जल्दी से जिला अस्पताल लाकर इलाज कराने से सर्पदंश से पीड़ित पीड़ित गुड्डी देवी अब खतरे से बाहर है। घर में घुसे कोबरा सांप को वन विभाग द्वारा रेस्क्यू कर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया है।

जनपद में पिछले 8 वर्षों से सर्पदंश जागरूकता पर कार्य कर लोगों को जीवन दान दे रहे सपदंश एवम वन्यजीव विशेषज्ञ सर्पमित्र डॉ आशीष त्रिपाठी ने बताया कि हमारी संस्था ओशन के द्वारा जनपद में पिछले कई वर्षों से चलाए जा रहे सर्पदंश जागरूकता अभियान और स्नेक बाइट हेल्प लाइन से सुदूर क्षेत्र के ग्रामीणों को लगातार ही मदद मिल रही है ।

उन्होंने बताया कि,संस्था की नि:शुल्क स्नेक बाइट हेल्पलाइन और जागरूकता से राज्य आपदा (सर्पदंश) को जनपद इटावा में न्यूनतम स्तर पर लाने में लगातार सफलता भी मिल रही है

इसके साथ ही अब कोई भी व्यक्ति कैसा भी सर्पदंश होने पर संस्था की स्नेक बाइट हेल्पलाइन 7017204213 पर कभी भी सर्पदंश के स्थान की एक साफ फोटो भेजकर और तुरंत कॉल करके जरूरी प्राथमिक चिकित्सा की तत्काल मदद प्राप्त कर सकता है।

सर्पमित्र डॉ आशीष त्रिपाठी ने जनपद इटावा के सभी निवासियों से सर्पदंश होने पर झाड़ फूंक न कराकर सीधे ही जल्द से जल्द जिला अस्पताल इमरजेंसी वार्ड में आने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *