खेलों में राजनीति गलत, संगीत सोम जैसों का नाम लेना भी उचित नहीं– प्रो. रामगोपाल यादव

इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव शनिवार को इटावा पहुंचे। एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने आए प्रो रामगोपाल यादव ने मीडिया से मुखातिब होते हुए अंतरराष्ट्रीय राजनीति से लेकर स्थानीय मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने जहां आईपीएल से बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान के बाहर होने पर आपत्ति जताई, वहीं भाजपा नेताओं पर भी तीखे प्रहार किए।

​आईपीएल से बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के सवाल पर प्रो. यादव ने कहा, “खेलों में राजनीति को नहीं जोड़ा जाना चाहिए। हालांकि बांग्लादेश में जो वर्तमान स्थितियां हैं वह गलत हैं, लेकिन एक खिलाड़ी को उसका खामियाजा भुगतना पड़े, यह उचित नहीं है।”

भाजपा नेता संगीत सोम को लेकर बिफरे 

​भाजपा नेता संगीत सोम द्वारा शाहरुख खान को ‘गद्दार’ कहे जाने पर प्रोफेसर रामगोपाल यादव बिफर गए। उन्होंने कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि ऐसे लोगों का नाम लेना भी उचित नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “संगीत सोम ने तो मुझे भी गद्दार कहा था। इन लोगों की इतनी हैसियत भी नहीं है कि ये ग्राम प्रधान का चुनाव जीत सकें।”

“अयोध्या की तरह खत्म होगा भाजपा का कम्युनल एजेंडा”

​मुजफ्फरनगर के सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी पर हुए हमले पर उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा देश में हिंदू-मुस्लिम की सांप्रदायिक राजनीति करती है। उन्होंने कहा:

​”भाजपा का यह मुद्दा भी राम मंदिर की तरह जल्द ही खत्म हो जाएगा। इन्होंने बड़ा राम मंदिर बनवाया था, लेकिन जनता ने इन्हें अयोध्या से ही हरा दिया। ये नकली मुद्दे ज्यादा दिन नहीं चलते।”

अमेरिका, रूस और नॉर्थ कोरिया को बताया तानाशाह

​वेनेजुएला पर अमेरिकी रुख को लेकर प्रो. यादव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमेरिका दुनिया के तेल संसाधनों पर कब्जे के लिए वर्षों से ‘गुंडई’ करता आ रहा है। उन्होंने अमेरिका के साथ-साथ रूस और नॉर्थ कोरिया के शासकों को भी तानाशाह करार दिया। उन्होंने बिना नाम लिए एक अन्य नेता की ओर इशारा करते हुए कहा कि इन लोगों का मानवीय मूल्यों से कोई लेना-देना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *