इटावा। इटावा जनपद के चौबिया थाना क्षेत्र में बीएलओ के साथ हुई मारपीट और अभद्रता का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ चुका है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विधायक शिवपाल सिंह यादव बुधवार को इस मामले की शिकायत लेकर जिला अधिकारी शुभरान्त कुमार शुक्ल और एसएसपी से मिलने कलेक्ट्रेट पहुंचे। सपा नेता ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के लोग फर्जी तरीके से मतदाताओं के वोट कटवाने का दबाव बना रहे हैं। और वोट काटने की साजिश की जा रही है।
जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता बीएलओ के साथ मारपीट कर उन्हें डरा-धमका रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग फॉर्म-7 लाकर बीएलओ को दे रहे हैं और उन मतदाताओं के नाम सूची से कटवाए जा रहे हैं जबकि उनके वोट सही हैं। सपा नेता ने कहा कि बीएलओ के साथ अभद्र गालियां और मारपीट कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिवपाल सिंह ने उक्त मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर धरने का अल्टीमेटम देते हुए कड़े तेवर अपनाते हुए कहा,“हम आज कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर धरने पर बैठने का पूरा मन बनाकर आए थे,लेकिन जिलाधिकारी और एसएसपी द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद हम रुक रहे हैं।“उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि भविष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीएलओ को धमकाया या चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी की योजना बनाई,तो वह कलेक्ट्रेट में ही अनिश्चित कालीन धरने पर बैठेंगे।
प्रशासनिक आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी शुभरान्त कुमार शुक्ल ने बताया कि विधायक शिवपाल सिंह यादव ने बीएलओ को धमकाने, मारपीट और फॉर्म-7 से संबंधित धांधली का शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वार्ता के दौरान शिवपाल यादव ने पत्रकारों से भी मुखातिब होते हुए कहा कि पहले गड़बड़ी होने पर मीडिया भी प्रशासन को सचेत करती थी। उन्होंने मीडिया कर्मियों से निवेदन किया कि यदि क्षेत्र में कहीं भी चुनावी प्रक्रिया में धांधली या मारपीट की सूचना मिले,तो उसे तत्काल प्रमुखता से उठाएं और उन्हें भी सूचित करें।
बीएलओ से मारपीट मामले में भड़के शिवपाल,डीएम से मिलकर कार्रवाई की मांग नहीं तो करेंगे धरना
