लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल में मेधावी छात्राओं का सम्मान, परीक्षा परिणाम घोषित

इटावा। शहर के मानिकपुर मोड़ स्थित लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। परीक्षा परिणाम की घोषणा और उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इटावा के यातायात प्रभारी सूबेदार सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. मंजेश कुमार ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।


इस दौरान सूबेदार सिंह ने उपस्थित छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि देश में आत्महत्या और हत्या की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु की संख्या अधिक है, जिसे यातायात नियमों का पालन कर कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *