इटावा,। जनपद के सैफई थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब हेलीकॉप्टर के आकार का एक विशाल ड्रोन अचानक गेहूं के खेत में आ गिरा। आसमान से गिरे इस बड़े यंत्र को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और कुछ लोगों ने इसे मिसाइल समझ लिया, जिससे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
युद्ध जैसे माहौल के बीच अचानक खेत में गिरे इस विशाल ड्रोन से ग्रामीणों में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों को आशंका हुई कि कहीं यह किसी युद्ध क्षेत्र से भटकी मिसाइल तो नहीं है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। ग्रामीणों को ड्रोन से दूर रहने की हिदायत दी गई।
इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि यह किसी सरकारी परीक्षण या एक्सपेरिमेंट का हिस्सा था, तो प्रदेश की जनता को पहले से सूचित किया जाना चाहिए था। बिना भरोसे के कि ड्रोन सुरक्षित रूप से उड़ान भर पाएगा या नहीं, रिहायशी इलाके के पास इस तरह का परीक्षण करना आम लोगों की जान के साथ जोखिम उठाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि यह ड्रोन खेत के बजाय किसी बस्ती में गिरता, तो जान-माल की बड़ी हानि हो सकती थी। उन्होंने सरकार से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, प्रभावित किसान के खेत में हुई आर्थिक क्षति और मानसिक आघात का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की।
अखिलेश यादव ने भविष्य में ऐसे सभी परीक्षण केवल निर्जन क्षेत्रों में कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सैफई की जनता सवाल उठा रही है कि जब ड्रोन परीक्षण ही सफल नहीं हो पा रहे हैं, तो हवाई पट्टी से विमान संचालन कैसे संभव होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से सैफई की हवाई पट्टी के रनवे का समुचित रखरखाव नहीं किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह ड्रोन एक निजी कंपनी का है, जो सैफई हवाई पट्टी पर प्रस्तावित ट्रेनिंग और टेस्टिंग प्रक्रिया का हिस्सा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तकनीकी खराबी के चलते यह ड्रोन अनियंत्रित होकर खेत में गिर गया।
फिलहाल पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है और संबंधित कंपनी से संपर्क किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सैफई के खेत में गिरा विशालकाय ड्रोन, मचा हड़कंप; अखिलेश यादव ने सरकार से उठाए गंभीर सवाल
