टाउन लाइन ग्रामीण फीडर से जोड़ने पर भड़के ग्रामीण, तहसील दिवस में की शिकायत

जसवंतनगर,इटावा।जसवंतनगर विकास खण्ड क्षेत्र के ग्राम निलोई की टाउन विद्युत लाइन को हटाकर ग्रामीण फीडर धनुवां से जोड़ने के विरोध में ग्रामीणों ने तहसील समाधान दिवस में पहुंचकर नाराजगी जताई और लाइन को पुनः टाउन फीडर से जोड़ने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
प्रमोद कुमार जाटव के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि एसडीओ आनंदपाल तथा अवर अभियंता कौशल पांडेय द्वारा करीब पांच दिन पूर्व गांव की विद्युत आपूर्ति को टाउन लाइन से हटाकर धनुवां स्थित ग्रामीण फीडर से जोड़ दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह लाइन पूर्व में टाउन फीडर से जुड़ी थी, जिससे बिजली आपूर्ति बेहतर मिल रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि टाउन लाइन को कोल्ड उपयोग के लिए जोड़ दिया गया है, जिससे गांव की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों ने एसडीओ व जेई पर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव की लाइन को जानबूझकर ग्रामीण फीडर से जोड़ा गया है ताकि कोल्ड स्टोर वालों से वसूली कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी को भी पत्र की प्रतिलिपि प्रेषित की है।
ज्ञापन पर साबिर अली, सलीम खान, पवन सिंह, निखिल, सोनू, शैलेंद्र कुमार, सुमित कुमार, प्रवीण, अरविंद, प्रबल प्रताप, पंकज, भुवनेंद्र, धर्मेंद्र, जयप्रकाश, आरिफ, रामदास, विवेक कुमार, संजीव, हसनुद्दीन, राहुल, आलोक, विकास, कैलाश, शिवकुमार, दीपक सहित सैकड़ा भर ग्रामीणों के हस्ताक्षर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *