हनुमंतपुरा (इटावा): उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आज हनुमंतपुरा चौराहा स्थित बाबा गेस्ट हाउस पर संपन्न हुई। इस कार्यक्रम में नगर इकाई के अध्यक्ष उमेश भदोरिया द्वारा जिला अध्यक्ष एवं जिले के समस्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार व्यापारियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने जिला प्रशासन के कुछ अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा:
“कुछ प्रशासनिक अधिकारी खाद्य सुरक्षा, श्रम विभाग और वाहनों की फिटनेस के नाम पर व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने का प्रयास कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ऐसे किसी भी उत्पीड़न को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।”

श्री गुप्ता ने संगठन के भीतर एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि जो लोग व्यापारियों के बीच रहकर ही उनकी आलोचना करते हैं, वे वास्तव में व्यापारी हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने सभी संगठनों से अपील की कि वे राजनीति से ऊपर उठकर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी व्यापारी का शोषण न हो।
इस अवसर पर जिले के प्रमुख व्यापारी नेता उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से महामंत्री सदाशिव श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष शिवकांत दुबे, राजीव शुक्ला, युवा अध्यक्ष गोविंद दुबे, युवा मंडल अध्यक्ष रिंकू यादव,मुकेश गुप्ता, हाजी अच्छे भाई, लाइन पार अध्यक्ष शिवशरण गुप्ता, संतोष सोनी, बंटी पोरवाल, बबलू त्रिपाठी, अमित गुप्ता, तेजपाल राजपूत, विवेक गुप्ता, कुलदीप सक्सेना आदि उपस्थित रहे।
