सुदिति ग्लोबल एकेडमी के पूर्व छात्र आदित्य कुमार सिंह का UPSC में चयन, पहले ही प्रयास में रचा इतिहास

इटावा। जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सुदिति ग्लोबल एकेडमी के पूर्व छात्र आदित्य कुमार सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर विद्यालय परिवार और पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर उनका अभिनंदन किया गया।
समारोह में विद्यालय के प्रबंधक सतीश कुमार, प्रबंध निदेशक मयंक कुमार तथा प्रधानाचार्य कमल कुमार ने आदित्य कुमार सिंह को पटका पहनाकर और प्रतीक-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर आदित्य कुमार सिंह ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि विद्यालय में मिला अनुशासन, शिक्षकों का मार्गदर्शन और सकारात्मक शैक्षिक वातावरण उनकी सफलता की सबसे बड़ी पूंजी रहा है। उन्होंने विशेष रूप से अपने कक्षा अध्यापक प्रवीण अग्रवाल के मार्गदर्शन और प्रधानाचार्य के अनुशासनात्मक वातावरण को याद करते हुए कहा कि विद्यालय में उन्हें जनपद, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिले, जिसने उनके व्यक्तित्व को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल कुमार ने कहा कि आदित्य अपने अध्ययन काल में परिश्रमी, लगनशील और जिज्ञासु छात्र रहे हैं। विज्ञान विषय में उनकी विशेष रुचि हमेशा देखने को मिलती थी और आज उनकी सफलता उसी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आदित्य को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों के लिए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
विद्यालय के प्रबंधक सतीश कुमार ने कहा कि सुदिति ग्लोबल एकेडमी हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी उच्च स्तरीय एवं तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
प्रबंध निदेशक मयंक कुमार ने भी आदित्य कुमार सिंह को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई दी। छात्र की इस उपलब्धि पर पूरा सुदिति परिवार गौरवान्वित है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *