इटावा। जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन एवं बिना नम्बर प्लेट वाहनों के विरुद्ध इटावा पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत कुल 32 वाहनों को सीज/चालान किया गया, जबकि कुल 5,18,000 रुपये का सम्मन शुल्क वसूला गया।
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान जनपद पुलिस ने राजस्व विभाग एवं परिवहन विभाग (आरटीओ) के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में ओवरलोड वाहनों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा बिना वैध प्रपत्रों के परिवहन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इस संयुक्त कार्रवाई से जनपद में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग अथवा अवैध परिवहन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
