सर्वाइकल कैंसर पर जागरूकता शिविर के माध्यम से छात्राओं को दी गई अहम जानकारी

प्रेम कुमार शाक्य 

जसवंतनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी के निर्देशानुसार यहां राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सर्वाइकल कैंसर विषय पर एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रज्ञा सिंह ने की।
शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से पहुंची डॉक्टर रिद्धिमा गौर ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समय पर जांच और वैक्सीनेशन के महत्व पर जोर देते हुए छात्राओं को जागरूक किया तथा टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने अनाथ एवं असहाय बच्चों के लिए संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की जानकारी दी। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग से सावधान रहने की सलाह दी।


कार्यक्रम में पीएलवी अधिकार मित्र ऋषभ पाठक, रामसुंदर दुबे, राजेंद्र यादव, लालमन बाथम एवं कुमारी नीरज ने छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता की प्रक्रिया, महिला सुरक्षा कानूनों तथा घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के उपयोग, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ उठाने के तरीकों को सरल भाषा में समझाया। साथ ही छात्राओं को किसी भी समस्या की स्थिति में निःसंकोच सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *