पंजाब नेशनल बैंक में इमरजेंसी अलार्म बजने से मचा हड़कंप,बैंक और पुलिस प्रशासन हुआ अलर्ट

इटावा। इटावा शहर के विजयनगर क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में रविवार दोपहर अचानक इमरजेंसी अलार्म बजने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के कारण बैंक बंद था,लेकिन लगभग एक घंटे तक लगातार बजते अलार्म ने स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया। प्रत्यक्षदर्शी डॉ.आशीष त्रिपाठी ने बताया कि वह रास्ते से गुजर रहे थे,तभी बैंक से लगातार तेज आवाज में अलार्म बजने की आवाज आई। आशंका होने पर उन्होंने तुरंत थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बैंक प्रबंधन से संपर्क कर शाखा प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार को बुलवाया। मैनेजर के ताला खोलकर जांच करने पर बैंक के अंदर सभी वस्तुएं सुरक्षित पाई गईं। प्राथमिक जांच में पता चला कि शॉर्ट सर्किट या चूहे द्वारा तार काटने के कारण अलार्म अपने आप सक्रिय हो गया था। बैंक मैनेजर पुष्पेंद्र कुमार ने बताया, पुलिस की सूचना पर बैंक आया और ताला खोलकर जांच की तो पता चला कि तकनीकी खराबी के कारण अलार्म बजा था, किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तकनीकी कारण सामने आने के बाद राहत की सांस ली और अलार्म को बंद कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *