इटावा,। मुख्य विकास अधिकारी महोदय के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत विकास खंड ताखा में ‘स्वावलंबन कैंप’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना और महिलाओं व बेटियों को स्वावलंबी बनाना रहा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंप मुख्य विकास अधिकारी के पत्र दिनांक 26.11.2025 के अनुपालन में आयोजित किया गया। कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आम जनमानस को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी (BDO), एडीओ पंचायत और बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। खंड विकास अधिकारी ने उपस्थित लोगों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए BDO ने उपस्थित जनसमूह को ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ बनाने की शपथ दिलाई और बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की।
कैंप में चिकित्सा विभाग की टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरण किया गया। साथ ही, आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया समझाई गई और पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाने हेतु पंजीकरण भी किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे श्री अजित कुमार दुबे और श्रीमती नीलम ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत संचालित कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। श्री अजित कुमार दुबे ने वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने जनता से अपील की कि यदि बाल विवाह की कोई सूचना मिले, तो तत्काल संबंधित अधिकारी, विभाग या थाने को सूचित करें, ताकि बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।
