सैफई में स्वर्गीय राजपाल सिंह यादव की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई

सैफई। समाजवादी विचारधारा के मजबूत स्तंभ रहे, नेताजी मुलायम सिंह यादव के अनुज स्वर्गीय राजपाल सिंह यादव की प्रथम पुण्यतिथि सैफई में श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक माहौल के बीच मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग सैफई पहुंचे और स्वर्गीय राजपाल सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।


कार्यक्रम में स्वर्गीय राजपाल सिंह यादव के भाई अभयराम यादव, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, उनकी पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव, करहल विधायक तेज प्रताप यादव, सैफई ब्लॉक प्रमुख मृदुला यादव, बदायूं सांसद आदित्य यादव पुत्र जिलापंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव, आर्यन यादव सहित अनेक प्रमुख नेता उपस्थित रहे। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष संतोष शाक्य, पवन यादव, चंदगी राम यादव, सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय राजपाल सिंह यादव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजपाल सिंह यादव एक केंद्रीय कर्मचारी के रूप में अपने कर्तव्यों के प्रति बेहद ईमानदार और निष्ठावान थे। उनका असमय निधन परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों के लिए जाने जाते थे।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भावुक होते हुए कहा कि राजपाल सिंह यादव का जीवन अनुशासन, सेवा और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व की कमी हमेशा महसूस की जाएगी, लेकिन उनके आदर्श और स्मृतियां सदैव हम सबको प्रेरित करती रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वातावरण पूरी तरह से शोक और श्रद्धा से परिपूर्ण रहा। अंत में परिवार की ओर से सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया।
स्वर्गीय राजपाल सिंह यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित यह श्रद्धांजलि सभा न केवल एक स्मरण कार्यक्रम रही, बल्कि उनके जीवन मूल्यों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करने का अवसर भी बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *