भरथना में ओवर ब्रिज के दोनों ओर सड़क निर्माण की मांग, विधायक ने जिलाधिकारी को दिया पत्र

इटावा। भरथना विधानसभा क्षेत्र के विधायक राघवेंद्र गौतम ने कस्बा भरथना में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी इटावा को पत्र दिया है।
विधायक ने अपने पत्र में अवगत कराया है कि नगर भरथना में स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-20 को बंद कर वहां फुट ओवरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। रेलवे विभाग द्वारा इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी जारी कर दिया गया है और 9 मार्च 2026 से कार्य प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बाद नगर दो हिस्सों में बंट जाएगा, जिससे आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। रेलवे विभाग द्वारा जो वैकल्पिक मार्ग प्रस्तावित किया गया है वह काफी संकरा और छोटा है, जिस पर एक साथ पैदल यात्री और बड़े वाहनों का आवागमन संभव नहीं है।
विधायक ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि वर्तमान में जो रास्ता दर्शाया गया है वह केवल खेतों की छोटी पगडंडी जैसा है, जो नगर की आबादी और वाहनों की संख्या के लिहाज से पर्याप्त नहीं है।
इस समस्या के समाधान के लिए विधायक ने मांग की है कि यादव नगर से भरथना-बकेवर संपर्क मार्ग होते हुए मोतीगंज तक पाली माइनर के दोनों ओर सड़क निर्माण कराया जाए तथा भरथना-बकेवर मुख्य मार्ग पर स्थित पुलिया का चौड़ीकरण कराया जाए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, नगर पालिका इटावा और विद्युत विभाग को समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं।
विधायक ने बताया कि यह मुद्दा पूर्व में जनप्रतिनिधियों द्वारा “दिशा” की बैठक में भी उठाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण जनहित का विषय है, इसलिए इस पर शीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *