रोजगार मेले में 89 अभ्यर्थियों को मिली नौकरी, कौशल विकास पर दिया जोर

इटावा। जिला सेवायोजन कार्यालय (मॉडल करिअर सेंटर) के तत्वावधान में बुधवार को विशाल विधि महाविद्यालय, इकदिल में एक दिवसीय रोजगार मेले एवं करियर काउंसलिंग का आयोजन किया गया। इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 09 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

​रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आरती द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिला सेवायोजन अधिकारी विकास मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए श्रीमती आरती द्विवेदी ने कहा कि युवाओं को शुरुआती दौर में अनुभव प्राप्त करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि स्वयं के कौशल का सही सदुपयोग ही करियर की सफलता की कुंजी है।

​मेले में जिले भर से आए कुल 203 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया और साक्षात्कार में भाग लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने योग्यता के आधार पर 89 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान किए।

​रोजगार के साथ-साथ युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें भविष्य की संभावनाओं और बाजार की मांग के अनुसार खुद को तैयार करने के टिप्स दिए गए।

इस कार्यक्रम में मॉडल करियर सेंटर से यंग प्रोफेशनल दीपक कुमार सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी विकास मिश्रा, महाविद्यालय की प्रबंधक सपना सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ और सेवायोजन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *