भरथना,इटावा। होली प्वाइण्ट एकेडमी के ऑडिटोरियम हॉल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब तीन सैकडा से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। जिन्होंने साइबर सुरक्षा से जुडी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
गुरूवार को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय दुबे (आयकर अधिकारी,इटावा) व विशिष्ट अतिथि के रूप में आशीष चौधरी (आयकर निरीक्षक,इटावा),विक्रम सिंह (थाना प्रभारी, भरथना),राकेश कुमार शर्मा (प्रभारी,साइबर थाना),संजय सिंह (निरीक्षक,साइबर थाना), संदीप सिंह (साइबर एक्सपर्ट),अभय देओल (साइबर एक्सपर्ट) आदि ने शिरकत की। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि अजय दुबे ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर जागरूकता समय की सबसे बडी आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग करने की प्रेरणा दी। उन्होंने ऑनलाइन लेनदेन, डिजिटल भुगतान,फर्जी कॉल,ई-मेल एवं लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधडी के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सरल उदाहरणों के माध्यम से बताया कि थोडी सी लापरवाही कैसे बडी आर्थिक क्षति का कारण बन सकती है। इससे पूर्व विद्यालय निदेशक डा. प्रदीप चन्द्र पाण्डेय व प्रधानाचार्य मनोज मिश्रा ने आगन्तुक अतिथियों का प्रतीक चिन्ह्र भेंटकर स्वागत सम्मान किया। साथ ही विद्यालय में पूरे वर्ष विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों,विषयगत ज्ञान,विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में होली प्वाइण्ट एकेडमी को गौरवान्वित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को भी पुरूस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एड.निशान्त पोरवाल ने किया। इस दौरान अमित श्रीवास्तव,अरूण मोटवानी,संदीप अग्रवाल एड.,हिमांशु गुप्ता,अनिल श्रीवास्तव,गौरव वर्मा, दरविन्दर सिंह गाँधी, आनन्द तिवारी,शानू वर्मा, रीना शर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा।
