हाईवे के किनारे होटल-ढाबा संचालकों को सड़क किनारे वाहन खड़े न कराने के निर्देश देते एसडीएम

जसवंतनगर,इटावा।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। गुरुवार को एसडीएम कुमार सत्यम जीत सिंह और हाईवे इंसीडेंट मैनेजर सुनीत चौहान ने मैनपुरी जिले की सीमा पर स्थित जोनई चौकी से लेकर सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सीमा तक निरीक्षण कर होटल व ढाबा संचालकों को कड़ी चेतावनी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग पर इटावा और आगरा की ओर जाने वाली सड़क के किनारे करीब एक सैकड़ा होटल और ढाबे संचालित हैं। कई स्थानों पर ट्रक, बस, कार और अन्य वाहन सीधे हाईवे पर ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है और यातायात भी प्रभावित होता है।
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी होटल और ढाबा संचालक अपने यहां आने वाले वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही खड़ा कराएं। यदि किसी भी ढाबे या होटल के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन खड़ा पाया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि सड़क किनारे खड़े वाहन के कारण कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित संचालक की मानी जाएगी और उससे क्लेम भी वसूला जाएगा।
अधिकारियों ने होटल और ढाबा संचालकों से अपील की कि वे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी वाहन को सड़क किनारे खड़ा न होने दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *