इटावा। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत उर्दू मोहल्ला में मंगलवार को खाना बनाते समय गैस रिसाव होने से एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटों के बीच घर में रखा छोटा गैस सिलेंडर अचानक फट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में मकान मालिक का करीब 3 से 4 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है।
जानकारी के अनुसार, उर्दू मोहल्ला निवासी पीड़ित के घर में दोपहर के समय खाना बनाया जा रहा था। तभी अचानक गैस पाइप से रिसाव (लीकेज) शुरू हो गया और देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तपिश इतनी अधिक थी कि पास में रखा एक छोटा सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी
धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय युवाओं और पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाई। लोगों ने अपने घरों के समरसेबल पंप और बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। मोहल्ले वासियों की सक्रियता के कारण आग बगल के मकानों में फैलने से रुक गई।
फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो बड़ी गाड़ियां और दो छोटी गाड़ी मौके पर पहुंचीं। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और कोई हताहत नहीं हुआ।

मकान मालिक ने बताया कि आग लगने से घर में रखे कीमती घरेलू उपकरण, कपड़े और अन्य जरूरी सामान जल गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

