इटावा/लखना। समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था भारत विकास परिषद शाखा ‘तुलसी’ द्वारा कलावती रामप्यारी बालिका इण्टर कॉलेज, लखना में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रीमती सरोजिनी नायडू की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष डॉ. कैलाश चन्द्र यादव ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत और सरस्वती वंदना से हुआ, जिसने सभी आगंतुकों को भावविभोर कर दिया।

राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. सीमा जादोंन (प्रांतीय संयोजिका, दुर्गावाहिनी मातृशक्ति) ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी पर सोशल मीडिया का दुष्प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने आगाह किया कि “अंजान व्यक्ति से मित्रता बेटियों के लिए खतरनाक हो सकती है। मर्यादा और सुरक्षा के प्रति सचेत रहें और किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत माता-पिता या शिक्षकों को दें।” उन्होंने बालिकाओं को धर्मान्तरण जैसे खतरों के प्रति भी सचेत किया।

विशिष्ट अतिथि मंजू भदौरिया ने बेटियों को रानी लक्ष्मीबाई और दुर्गावती के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। समाजसेवी शशि दीक्षित, प्रीतम खन्ना और सुशीला राजावत ने छात्राओं को हुनरमंद बनने और सरकारी सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। इस सत्र का संचालन नीलिमा चौधरी ने किया।
बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत आयोजित इस सत्र में मुख्य अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक (ADios) डॉ. मुकेश यादव ने बच्चों को सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि “परीक्षा से घबराने की जरूरत नहीं है। प्रश्नपत्र को समझकर धैर्य के साथ हल करें। पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अनिवार्य है।”
विशिष्ट अतिथि डॉ. सर्वेश चतुर्वेदी ने संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और योग के महत्व पर प्रकाश डाला। पूर्व प्राचार्य आर.एन. दुबे और प्रधानाचार्य जे.एस. भदौरिया ने भी उपयोगी टिप्स साझा किए। सत्र का सफल संचालन पंकज कुमार सिंह चौहान ने किया।
शाखा अध्यक्ष डॉ. कैलाश चन्द्र यादव, सचिव डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष मौसमी पाल ने आए हुए अतिथियों को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में पवन यादव, बेनीराम पाल, अरुण कुमार पांडे, रामचन्द्र सिंह सेंगर, शोभाराम तिवारी, राजेश सिंह, सुमन बाई, वन्दना मिश्रा, संगीता सिंह, प्रीती पाण्डेय, दीप्ति, प्रीति यादव और अंजू चौधरी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
