इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज इटावा पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं एवं संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पटसन एवं अन्य सामग्रियों के सदुपयोग से निर्मित कला-कृतियों को देखा और सराहा।

उन्होंने कहा कि इटावा का कला उद्योग देश-दुनिया के मानचित्र पर सम्मान और स्थान पा सकता है। यदि इस पारंपरिक कला को उचित प्रोत्साहन और पहचान मिले, तो उन कलाकारों का भी मान बढ़ेगा, जो तमाम संघर्षों के बीच इस विरासत को जीवित रखने के लिए दिन-रात प्रयासरत और प्रतिबद्ध हैं।

दौरे के दौरान सपा अध्यक्ष ने एक वयोवृद्ध महिला कलाकार से भेंट कर अपना पुराना वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि वह कलाकार वर्षों से उनसे मिलने की इच्छुक थीं, लेकिन उनसे मिलने की उत्सुकता स्वयं उनके मन में भी कम नहीं थी। मुलाकात के दौरान उन्होंने कलाकार का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके कार्य की सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने क्षेत्रीय कला और कारीगरों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस दौरान करहल विधायक तेज प्रताप यादव सपा नेता पूर्व इटावा विधानसभा प्रत्याशी सर्वेश शाक्य, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता संटू भी शामिल रहे।
