भरथना, 14 फ़रवरी।जयोत्री अकैडमी भरथना में आज एक भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि संदीप श्रीवास्तव (एडीएम, इटावा) एवं उनकी जीवनसंगिनी श्रीमती ममता श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

एडीएम संदीप श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन विद्यार्थियों की जिज्ञासा, प्रयोगधर्मिता और नवाचार की भावना को सशक्त करते हैं। आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, इंजीनियर और नवप्रवर्तक हैं। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करते हैं।
प्रदर्शनी में कुल 44 कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए गए, जिनमें चैट बॉट, जो आपके प्रश्नों के उत्तर पल भर में दे। रोबोट, जो आपके आदेश पर आपके काम करे। रॉकेट प्रक्षेपण जो लगभग 21000 फुट तक जाने की क्षमता रखता है। एवं एआई आधारित अनुप्रयोग विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर वैज्ञानिक डॉ. हर्षित पोरवाल (पीएचडी, क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन) और उनकी धर्मपत्नी डॉ. रिचा सग्गर पोरवाल की प्रेरणादायी उपस्थिति रही।
विद्यालय के निदेशक डॉ. नितिन पोरवाल ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है, और ऐसी प्रदर्शनी इसी दिशा में सार्थक प्रयास है।

दर्शकों और अतिथियों ने विशेष रूप से एआई रोबोट, एयर प्यूरीफायर के अपशिष्ट से स्याही बनाने की तकनीक तथा रॉकेट मॉडल की अत्यधिक सराहना की। इन मॉडलों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और विज्ञान के प्रति गहरी समझ को प्रदर्शित किया।
विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व चेयरमैन मनोज पोरवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों को अवसर और उचित मार्गदर्शन मिले तो वे अद्भुत उपलब्धियाँ प्राप्त कर सकते हैं। विज्ञान प्रदर्शनी इसका सजीव उदाहरण है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेंद्र नाथ मिश्रा ने विज्ञान प्रदर्शनी में उपस्थित सभी अतिथियों, गणमान्य अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अपने विज्ञान शिक्षकों अजय धाकरे, सलित त्रिपाठी, संदीप कुमार, योगेंद्र कुमार, दिव्यदीप दुबे, शिवम कुमार आदि के समर्पण और विद्यार्थियों के अथक परिश्रम को विज्ञान प्रदर्शनी की सफलता का श्रेय दिया।
कार्यक्रम का शानदार संचालन श्रीमती अश्वनी ने किया और इसकी सफलता में होनिश शर्मा, अमित तिवारी, अनुज कुमार, सौरभ, प्रवीण गुप्ता, भोला सिंह आदि का विशेष योगदान रहा। 🙏
