हजारी महादेव मंदिर पर शिवरात्रि पर उमड़ी भक्तों की भीड़,सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात

ऊसराहार,इटावा। महाशिवरात्रि के अवसर पर हजारी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

थाना प्रभारी बलराज सिंह भाटी ने कांवड़ रूटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। भरथना क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रमुख शिवालयों और मार्गों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। भीड़ नियंत्रण,बैरिकेडिंग, आपातकालीन प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है।

कांवड़ियों के लिए सुगम मार्ग सुनिश्चित करने हेतु यातायात डायवर्जन किया गया है। मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाकर रास्तों को अवरोधमुक्त बनाया गया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है,और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

ऊसराहार पुलिस महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य कांवड़ियों को भारी ट्रैफिक और किसी भी संभावित अव्यवस्था से बचाकर सुरक्षित रूप से जलाभिषेक स्थल तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ताखा श्वेता मिश्रा,क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य,थाना प्रभारी बलराज सिंह भाटी, तहसीलदार जाविद अंसारी,आरआई राम गोपाल,महिला पुलिस मनीषा मौर्या,आराधना चौहान,कपिल कुमार और महबूबा खान सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *