नशेड़ी ट्रक चालक ने सिपाही को रौंदा:दर्दनाक मौत

इटावा। इटावा शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार सिपाही को कुचल दिया। हादसे में सिपाही की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक चालक इस कदर नशे में धुत था कि सिपाही को टक्कर मारने के बाद भागने के प्रयास में उसने एक अन्य युवक को भी अपनी चपेट में ले लिया,जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ड्यूटी से लौटते समय हादसा हुआ था।


मूल रूप से शामली जिले के थाना कांधना क्षेत्र के निवासी 28 वर्षीय हर्षित मलिक 2019 बैच के सिपाही थे। वर्तमान में उनकी तैनाती बसरेहर थाना क्षेत्र में पीआरबी 112 पर थी। बताया जा रहा है कि हर्षित किसी विभागीय कार्य से इटावा पुलिस कार्यालय आए थे। कार्य निपटाकर जब वह अपनी अपाचे बाइक से वापस बसरेहर लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हर्षित की मौके पर ही मौत हो गई। चश्मदीदों के अनुसार,सिपाही ने हेलमेट लगा रखा था,लेकिन ट्रक का पहिया ऊपर से गुजर जाने के कारण हेलमेट भी उनकी जान नहीं बचा सका।


भागने के चक्कर में दूसरे युवक को भी कुचला
हादसे को अंजाम देने के बाद चालक ने ट्रक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। भागने की हड़बड़ी में ट्रक ने एक और बाइक सवार युवक सौरभ को जोरदार टक्कर मार दी। सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार चालक अत्यधिक नशे की हालत में था।

पुलिस महकमे में शोक की लहर

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में पुलिस बल और आला अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। हर्षित की मौत की खबर से उनके साथियों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *