इटावा, 16 फरवरी 2026। कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत मिशन, छात्र एवं अध्यापक उपस्थिति, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स के निरीक्षण, सपोर्टिव सुपरविजन, केजीबीवी, स्टाफ उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना, डीबीटी, समर्थ पोर्टल, मानव सम्पदा तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) सहित अन्य बिंदुओं पर गहन चर्चा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत सभी विद्यालयों में शुद्ध पेयजल, शौचालय एवं दिव्यांग शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालयों में अध्यापकों एवं छात्रों की 100 प्रतिशत उपस्थिति पर विशेष बल दिया। ताखा क्षेत्र में विद्यालय न होने के कारण बच्चों के घर पर पढ़ाई करने की स्थिति पर गंभीरता व्यक्त करते हुए शीघ्र विद्यालय निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दिव्यांग बच्चों को चिन्हित कर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड बनवाने तथा विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को बालक एवं बालिकाओं के शौचालयों की नियमित सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने पेरेंट्स-टीचर मीटिंग नियमित एवं शत-प्रतिशत आयोजित कराने, कमजोर विद्यालयों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा एबीएसए द्वारा गांवों में जाकर अभिभावकों से संवाद स्थापित कर छात्र उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया। समस्त ब्लॉकों में बाल वाटिका स्थापित करने और बच्चों का लर्निंग आउटकम टेस्ट कराने के निर्देश भी दिए गए।
खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जहां भी कमियां पाई जाएं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही की जाए और खराब विद्यालयों को चिन्हित कर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सरकारी विद्यालय तक सुगम पहुंच मार्ग होना चाहिए। मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा रसोइयों का भुगतान समय से कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने नए विद्यार्थियों के अधिकाधिक प्रवेश, संकुल वाइज रजिस्टर तैयार कर रोस्टर के अनुसार आधार कार्ड बनवाने तथा समर्थ पोर्टल की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों के बच्चों को निपुण बनाया जाए तथा कम लर्निंग आउटकम वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, सहायक चिकित्साधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, समस्त एबीएसए सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
