इटावा। अखिल भारतीय श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल इटावा शाखा का दो दिवसीय वार्षिक हरि नाम संकीर्तन उत्सव 22 एवं 23 मार्च को होगा, जिसकी सभी तैयारियां आयोजन समिति द्वारा कर ली गई हैं। प्रथम दिवस को सायंकाल भव्य झांकियों के साथ नगर संकीर्तन शोभायात्रा निकाली जाएगी।
रेलवे स्टेशन के पास स्थित जौली होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए शाखा के अध्यक्ष राकेश चंद्र पाठक ने बताया कि शाखा द्वारा गत वर्षों में भी भव्य वार्षिक उत्सव आयोजित होते रहे हैं, उसी क्रम में इस वर्ष उक्त तिथियों में श्री हरिनाम संकीर्तन वार्षिक उत्सव संपन्न किया जाएगा, जिसमें प्रथम दिवस 22 मार्च शनिवार को प्रातः11 से 2 बजे तक माया मैरिज होम में संकीर्तन तथा इसके बाद सभी भक्त श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा। इसी दिन द्वितीय सत्र में सायंकाल 5 बजे से भव्य झांकियों के साथ नगर में शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसका शुभारंभ सदर विधायक सरिता भदौरिया के द्वारा किया जाएगा। यह शोभायात्रा टिक्सी मंदिर के सामने स्थित श्री सिद्ध गुफा गोशाला से आरंभ होकर, छैराहा, पचराहा, बल्देव चौराहा, तहसील चौराहा, नगर पालिका चौराहा, पक्के सराय, तिकोनिया, नौरंगाबाद चौराहा, साबितगंज चौराहा, रामगंज चौराहा, कटरा सेवाकली, झम्मन लाल कलारी, मकसूद पुरा होते हुए माया मैरिज होम पर विश्राम लेगी। रास्ते में अनेक स्थानों पर श्रद्धालुगण शोभायात्रा की आरती उतार एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे।
शाखा के सचिव नारायण किशोर वाजपेई ने बताया कि इस बार शोभायात्रा में गणेश भगवान, शंकर भगवान, बड़े हनुमानजी, काली माता का अखाड़ा, राधा कृष्ण भगवान, झूले पर राधा कृष्ण, दुर्गा माता, कृष्ण अर्जुन, राम जानकी, राम दरबार तथा सबसे पीछे श्री राधा माधव युगल सरकार की परम्परागत पालकी की झांकियां होंगीं। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा बहुत ही भक्तिभावपूर्ण एवं संयमित ढंग से निकाली जाएगी, जिसमें किसी तरह का कोई अबीर गुलाल आदि नहीं प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भजन संकीर्तन कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के संकीर्तन सम्राट पधार रहे हैं, जिनमें युधिष्ठिर जी बरेली, सुनील मलिक बरेली, अश्वनी ग्रोवर लुधियाना, राजीव शास्त्री सोनीपत, सलिल श्रीवास्तव गाजियाबाद, विवेक सबलोक अम्बाला प्रमुख हैं।
दूसरे दिन 23 मार्च रविवार को तृतीय सत्र में माया मैरिज होम में प्रातः 11 से 2 बजे तक संकीर्तन एवं उसके बाद प्रसाद होगा। सायंकाल छह बजे से प्रसिद्ध भजन गायक कीर्तिशेष विनोद अग्रवालजी के शिष्य रवीश मिश्रा द्वारा भजन संध्या का कार्यक्रम प्रस्तुत होगा, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता शिव महेश दुबे मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
प्रेस वार्ता में उपस्थित शाखा के कोषाध्यक्ष राम मनोहर दीक्षित के अलावा आयोजन मंडल के सदस्यों में अरविंद पोरवाल, नरेश चंद्र यादव, फुरकान अहमद, जगन्नाथ प्रसाद अग्रवाल, राजेश कुमार वाजपेई, राजेंद्र सिंह वर्मा, प्रेम किशोर द्विवेदी, जय सिंह पटेल, शाखा की महिला अध्यक्ष मनीषा शुक्ला अनिल मिश्रा गुल्ली, राजीव अवस्थी, अमित दुबे सिबलू विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजक मंडल ने सभी भक्तजनों से इस कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है।