(प्रेम कुमार शाक्य)
जसवन्तनगर/इटावा। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के जन्मोत्सव के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वाधान में नगर के शांति देवी इंटर कॉलेज में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह उपस्थित रहीं। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार ने उनका स्वागत किया।
मुख्य अतिथि आयुषी सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि रानी लक्ष्मीबाई को केवल झांसी की लड़ाई के लिए ही नहीं, बल्कि उस युग में भारतीय नारियों के भीतर आत्मविश्वास जगाने के लिए भी याद किया जाता है। उस दौर में जब महिलाओं की सामाजिक स्थिति कमजोर थी, रानी लक्ष्मीबाई ने साहस, संघर्ष और नेतृत्व का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने संदेश दिया कि भारतीय नारी किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं है और हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता रखती है।
संगोष्ठी मेंआरएसएस जिला प्रचार प्रमुख वैभव भदौरिया ने भी रानी लक्ष्मीबाई के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डाला। विद्यालय की प्रबंधिका एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती विमलेश यादव तथा प्रधानाचार्य डॉ. प्रतीक यादव ने छात्र-छात्राओं को पढ़-लिखकर अपने परिवार, विद्यालय, नगर और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंत्री रोहित गुप्ता लकी ने की। इस दौरान पूर्व विभाग सह संयोजक दीपक वर्मा, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रितिक गुप्ता, राजन बाजपेयी, अनुराग शर्मा सहित एबीवीपी कार्यकर्ता और विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुआ।
वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के जन्मोत्सव संगोष्ठी का आयोजन
