दो दिन से लापता युवक का रेलवे ट्रैक पर मिला शव 

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बंधा से दो दिन से लापता एक युवक का शव थाना इकदिल क्षेत्र में दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने रंजिशन अपहरण कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है और थाना पुलिस पर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है।

भरथना क्षेत्र के ग्राम बंधा निवासी राजवीर सिंह यादव ने बताया कि उनका 25 वर्षीय शिक्षित पुत्र मनीष यादव 18 फरवरी की सुबह करीब सात बजे कोचिंग पढ़ने जाने की कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जिसपर पिता ने अनहोनी की आशंका जताते हुए भरथना कोतवाली में लिखित तहरीर देकर घटना से अवगत करा दिया था। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने गंभीरता से तलाश नहीं की।
और गुरुवार रात थाना इकदिल क्षेत्र के चितभवन-नावली रेलवे क्रॉसिंग के पास दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त कराने का प्रयास किया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त मनीष के रूप में की।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मनीष की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है ताकि इसे हादसा दिखाया जा सके। उनका कहना है कि गांव में रंजिश चल रही थी,जिसकी जांच की जानी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *