राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सुनी महिलाओं की समस्या

भरथना। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता ने बुधवार को इटावा के भरथना तहसील का दौरा किया। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को समझने के लिए कई महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। आशियाना बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला रोगियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं और स्वच्छता का जायजा लिया। अस्पताल प्रशासन को महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

भरथना तहसील सभागार में आयोजित विशेष बैठक में पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के आदेश दिए।अनीता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब तहसील स्तर पर भी महिलाओं की समस्याएं सुनी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह दौरा महिलाओं को यह आश्वस्त करने के लिए है कि सरकार उनके साथ है और उन्हें न्याय मिलेगा। अधिकारियों को महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *