इटावा। जनपद में मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और राज्य मौसम पूर्वानुमान केंद्र, लखनऊ के अनुसार आज मंगलवार 22 से 25 अप्रैल 2025 तक लू चलने की संभावना है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अवनीश दुबे ने कहा कि लू से तापमान सामान्य से बहुत अधिक हो जाता है। इससे शरीर पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच गर्मी का असर सबसे ज्यादा होता है।
इस दौरान डिहाइड्रेशन, चक्कर और ऐंठन की समस्या हो सकती है। प्रशासन ने नागरिकों को कई सावधानियां बरतने की सलाह दी है। दोपहर में धूप से बचें। हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें। सिर को टोपी या छाते से ढकें। पानी खूब पीएं। सफर में पानी साथ रखें। ओआरएस, नींबू पानी, नारियल पानी, लस्सी या आम पन्ना पिएं। घर को ठंडा रखने के लिए रात में खिड़कियां खुली रखें। दिन में पर्दों का इस्तेमाल करें। मौसम की जानकारी के लिए रेडियो, टीवी या अखबार देखते रहें। तबीयत खराब होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख स्थानों पर पैंफलेट बांटे जा रहे हैं। पोस्टर और मुनादी के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।