श्रम विभाग की ओर से तहसील परिसर में एक विशेष जागरूकता शिविर

(प्रेम कुमार शाक्य)
जसवंतनगर/इटावा। श्रम विभाग की ओर से तहसील परिसर में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जनसेवा श्रमिक स्वाभिमान समिति के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को उत्तर प्रदेश श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था। शिविर में बड़ी संख्या में पंजीकृत व अपंजीकृत श्रमिकों ने भाग लिया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी अशोक कुमार पांडेय ने उपस्थित जनसमूह को श्रमिक पंजीकरण, निर्माण श्रमिक कल्याण योजना, मातृत्व लाभ योजना, शिक्षा सहायता योजना, कन्या विवाह सहायता योजना जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। श्रम विभाग की टीम ने मौके पर ही कई श्रमिकों का पंजीकरण भी किया और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आरंभ की।
शिविर में श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि कोई भी पात्र श्रमिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। इस हेतु जिलेभर में ऐसे शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
इस दौरान शफाकत अली, अखिलेश पांडेय, जनसेवक मुन्नालाल माहौर, सुरेंद्र सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *