जसवंतनगर,इटावा। सोमवार को हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में आयोजित वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने सर्वप्रथम सरस्वती माँ की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी रुचि रखनी चाहिए,तभी वे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपने तथा अपने विद्यालय का नाम रोशन कर सकते हैं। खेल स्वास्थ्य को तो बेहतर बनाते ही है साथ ही जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते है।इस विद्यालय में पढ़ने वाले पिछड़े वर्ग एवं ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के बच्चों ने खेलकूद में जिस प्रकार से राष्ट्रीय स्तर तक उपलब्धियां हासिल की हैं, वह सराहनीय है।उन्होंने विद्यालय प्रबंधक राहुल गुप्ता की तरफ इशारा करते हुए कहा कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की कोई समस्या हो तो उन्हें अवगत कराये। प्रबंधक राहुल गुप्ता ने कहा कि मेरा प्रयास है कि बच्चों को बेहतर सुविधाओं के साथ अच्छी शिक्षा प्रदान की जाये।प्रधानाचार्य डॉ संजीव कुमार ने प्रगति की वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। पूर्व प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।समारोह के दौरान बच्चों द्वारा योग, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। मुख्य अतिथि द्वारा खेलकूद और सांस्कृतिक।प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षक स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव विश्वनाथ प्रताप सिंह ठा.अजेंद्र सिंह गौर,पूर्व प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद यादव,प्रधानाचार्य
अनुज प्रताप सिंह,प्रज्ञा सिंह,विनोद यादव,राजीव गुप्ता बबलू,हाजी मोहम्मद अहसान,सुभाष गुप्ता, रामवीर यादव ब्लॉक अध्यक्ष,खन्ना यादव, विद्याराम यादव,गोपाल गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।अंत में प्रधानाचार्य डॉ संजीव कुमार ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया।
शिक्षा के साथ बच्चों का खेलकूद पर भी दें ध्यान: शिवपाल सिंह यादव
