इटावा। पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में माता रानी के भजन-कीर्तन एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को लेकर शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने भजन-कीर्तन का आनंदपूर्वक लाभ उठाया। शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि बच्चों को अच्छे संस्कार प्रदान करना भी है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से विद्यालय में सकारात्मक और आध्यात्मिक वातावरण बनता है, जिससे मन को शांति मिलती है।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर इस प्रकार के आयोजन बच्चों में धार्मिक भावना और संस्कार विकसित करने का उत्तम अवसर प्रदान करते हैं। विद्यालय प्रबंधन शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।

भजन-कीर्तन के पश्चात सभी के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर प्रबंधक डॉ. कैलाश चंद्र यादव, रश्मि यादव, विनीता टंडन, आनंद मित्तल, पवन त्रिवेदी, पवन यादव सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
