विश्व क्षय रोग दिवस पर मंत्री ने बांटे प्रमाण-पत्र, योजनाओं का किया प्रचार-प्रसार

इटावा, 24 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति द्वारा जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए सरकारी योजनाओं का निरीक्षण एवं लाभार्थियों को लाभ वितरित किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री द्वारा जिला अस्पताल (टीबी अस्पताल) के निरीक्षण से हुई, जहां विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर टीबी मुक्त व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र, प्रतीक चिन्ह, निश्चय पोषण एवं पोटली वितरित की गई। इसके पश्चात उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का उद्घाटन किया।


तत्पश्चात मंत्री द्वारा विकास भवन में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया, जहां आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी संपन्न कराए गए।

विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण से संबंधित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन की नीतियों पर प्रकाश डाला गया।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब भर्ती प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष हो चुकी हैं। साथ ही ‘पीएम राहत’ योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के तहत पॉलीथिन का उपयोग बंद करने, पौधारोपण करने, जल संरक्षण अपनाने तथा प्रत्येक घर में तुलसी का पौधा लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में “नव निर्माण के नौ वर्ष” विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। अंत में मंत्री द्वारा पात्र लाभार्थियों को टेबलेट, प्रशस्ति पत्र एवं चेक वितरित किए गए। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सदर विधायक सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष भाजपा अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *