सीडीओ ने पचनद कैफे-रेस्टोरेंट’ का किया उद्घाटन,महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का मंच

जसवंतनगर,इटावा।जसवंतनगर तहसील परिसर में स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित ‘पंचनद कैफे एंड रेस्टोरेंट’ का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अजय गौतम ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी व स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि किसी भी रेस्टोरेंट की सफलता भोजन की शुद्धता और स्वाद पर निर्भर करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि समूह की महिलाओं को रेस्टोरेंट संचालन के लिए विधिवत प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे यहां गुणवत्तापूर्ण एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल क्षेत्र में महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का सशक्त उदाहरण बनेगी।
उन्होंने कहा कि इस समूह की सफलता अन्य स्वयं सहायता समूहों को भी स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करेगी। ‘पंचनद कैफे एंड रेस्टोरेंट’ का संचालन जय मां काली स्वयं सहायता समूह की संचालिका विनीता देवी जगसोरा द्वारा किया जाएगा। समूह की महिलाओं को सागर ग्रैंड होटल में खानपान निर्माण का विशेष प्रशिक्षण दिलाया गया है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डॉ. मनोज कुमार,एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह यादव,एडीओ कृषि बलवीर सिंह,एडीओ आईएसबी महेश कुमार राजपूत सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं समूह से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *