इटावा, 25 फरवरी 2026। ब्रजेश पाठक, उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ने उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा मूलभूत और ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हो रहे हैं तथा जहां मेडिकल कॉलेज नहीं हैं, वहां भी शीघ्र ही नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई को और अधिक विकसित किया जाएगा तथा यहां समस्त आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय में वर्तमान में 200 एमबीबीएस सीटें संचालित हैं तथा हाईवे पर नया ट्रॉमा सेंटर शीघ्र स्थापित किया जाएगा, जिसका संचालन सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केवल इटावा ही नहीं, बल्कि आसपास के जनपदों के लोग भी यहां उपचार के लिए आते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ और समुचित होनी चाहिए। प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता प्रदेशवासियों के प्रति है और सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें, किसी भी मरीज को निराश न करें तथा मरीजों की सेवा भगवान की तरह करें। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को वापस नहीं लौटाया जाना चाहिए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया गया तथा आयुर्विज्ञान संस्थान की पुस्तक का विमोचन भी किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सदर विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव अमित कुमार, कुलपति, कुलसचिव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, महामंत्री प्रशांत राव चौबे, महामंत्री शिवाकांत चौधरी सहित समस्त जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
