चलती ट्रेन से गिरकर युवक हुआ घायल, पीजीआई सेंफई को किया रेफर

लभरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत
दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर भरथना रेलवे स्टेशन के समीप चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक 25 वर्षीय युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ जवानों ने 108 एम्बुलेंस के देर से पहुंचने पर घायल को टेम्पो की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार जनपद औरैया के थाना अयाना क्षेत्र के ग्राम असेवा निवासी शिरोवन सिंह ने बताया कि उनका साला दीपक निषाद 25 वर्ष निवासी नगला हीरालाल (पिलखुना),थाना बकेवर, अपने मित्र विकास यादव निवासी नोएडा के साथ प्रयागराज से अप गाड़ी संख्या 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सवार होकर इटावा आ रहा था।

बताया गया कि जैसे ही ट्रेन भरथना रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची,अप लाइन पर कॉशन होने के कारण ट्रेन की रफ्तार धीमी हो गई। इसी दौरान गेट के पास खड़ा दीपक चलती ट्रेन से उतरने लगा,जिससे वह चलती ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना को देख ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोकने की कोशिश की। हालांकि तब तक ट्रेन घटना स्थल से करीब दो किलोमीटर आगे जाकर रुकी।

सूचना मिलते ही आरपीएफ आरक्षी जितेंद्र कुमार,दीपचंद्र तथा जीआरपी कांस्टेबल कमल कांत मौके पर पहुंचे और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस के विलंब से पहुंचने पर जवानों ने घायल युवक को टेम्पो की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही घायल के स्वजन कुलदीप सहित अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *