जसवंतनगर,इटावा। मोहल्ला कटरा विलोचन में सोमवार सुबह करीब 11 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब मोहल्ले में लगा ट्रांसफार्मर अचानक धधकने लगा। देखते ही देखते धुआँ और आग की लपटें उठने लगीं, जिसके चलते स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और मामला तुरंत बिजली विभाग को बताया।
सूचना मिलते ही अवर अभियंता कौशल पांडेय अपनी टीम लाइनमैन बॉबी, सर्विसमैन प्रमोद और अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुँचे। टीम ने तत्काल ट्रांसफार्मर की विद्युत आपूर्ति बंद कर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि लगातार प्रयासों के बावजूद आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पा रही थी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड मौके पर पहुँची और बिजली विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से आग बुझाने में जुट गई। दोनों टीमों की तत्परता और समन्वय से ट्रांसफार्मर की आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। राहत की बात रही कि आसपास के घरों को कोई नुकसान नहीं हुआ।
एसडीओ आनंद पाल सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के कारणों की जाँच कराई जाएगी और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।
धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग
