इटावा। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में हाल ही में वायरल हुए फायरिंग व पथराव के मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके पास से तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के ईटगांव में रेलवे लाइन के पास पावर हाउस की ओर जाने वाली सड़क पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल प्रशांत यादव उर्फ भूरा कहीं जाने की फिराक में है। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रशांत यादव उर्फ भूरा पुत्र चरन सिंह निवासी गुलाबपुरा थाना बसरेहर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह वायरल वीडियो में दिखाई दे रही फायरिंग व पथराव की घटना में शामिल था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा 32 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। उसके खिलाफ थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपी पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी और फायरिंग जैसे मामले शामिल हैं।
कार्रवाई में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी प्रभारी अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम के साथ एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक बेचन कुमार सिंह और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक नागेंद्र चौधरी की टीम शामिल रही।
