चौ. सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज में आयोजित हुई रूबरू फ्रेशर पार्टी 2025

जसवंतनगर,इटावा। चौ. सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं सम्मान के लिए “रूबरू फ्रेशर पार्टी–2025” का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के बीच हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव तथा स्वधा अस्पताल की निदेशक डॉ. अंजलि यादव के द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।वरिष्ठ विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकल गायन, कविता पाठ, नाट्य प्रस्तुति एवं मॉडलिंग जैसी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।

प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने भी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। पूरे सभागार में तालियों और उत्साह का वातावरण बना रहा।फ्रेशर पार्टी का मुख्य आकर्षण “मिस्टर फ्रेशर” एवं “मिस फ्रेशर” प्रतियोगिता रही। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, व्यवहार, मंच प्रस्तुति और आत्मविश्वास के आधार पर विजेताओं का चयन किया। प्रथम वर्ष की छात्रा सौम्या को “मिस फ्रेशर–2025” तथा प्रथम वर्ष के छात्र राघव को “मिस्टर फ्रेशर–2025” के खिताब से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि चौ. सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, नवाचार और नेतृत्व क्षमता का समग्र विकास करना है। उन्होंने कहा कि फार्मेसी आज के समय का अत्यंत संभावनाशील क्षेत्र है, जिसमें देश एवं विदेश दोनों में रोजगार के उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध हैं और विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कॉलेज निदेशक डॉ. प्रदीप यादव ने कहा कि किसी भी संस्थान की पहचान उसके विद्यार्थियों से होती है और जब छात्र ज्ञान, चरित्र, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ते हैं तभी संस्थान की सफलता सिद्ध होती है।कार्यक्रम में ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. संदीप पाण्डेय, प्रबंधन सदस्य अशांक हनी यादव, गौरव यादव, नर्सिंग कॉलेज निदेशक डॉ. रीमा शर्मा, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री रविन्द्र सिंह,गौरव भदौरिया,मनीष चौधरी, पब्लिक स्कूल प्रिंसिपल फ्रांसिस के.ए.,वर्ल्ड स्कूल प्रिंसिपल मिस मनराज कौर नामधारी तथा समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए तथा सामूहिक छायाचित्रों के साथ समारोह का समापन धन्यवाद प्रस्ताव और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *