भरथना,इटावा। भरथना कस्बा के मोहल्ला बालूगंज पानी की टंकी के सामने नगर पालिका परिषद भरथना द्वारा निर्मित दो मंजिला मार्केट में गुरुवार की सुबह बड़ा हादसा घटित होते-होते टल गया। मार्केट का जर्जर दो मंजिला छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि उस समय नीचे बैठे लोग बाल-बाल बच गए, नहीं तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना सुबह करीब 10:15 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मार्केट के भूतल पर स्थित कुशवाह मेडिकल स्टोर पर संचालक हर्ष कुशवाह बैठे हुए थे, जबकि पास ही पड़ोसी दुकानदार अमित पोरवाल भी मौजूद थे। अचानक ऊपर से तेज आवाज के साथ छज्जा नीचे आ गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संयोग अच्छा रहा कि दोनों दुकानदार मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। दुकान स्वामी अमित पोरवाल ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मार्केट भवन की जर्जर हालत को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन नगर पालिका द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। समय रहते मरम्मत या सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए, जिसका नतीजा आज छज्जा गिरने के रूप में सामने आया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा किसी व्यस्त समय में होता, तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना ने नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली और भवनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने मांग की है कि पूरे मार्केट की तत्काल जांच कराई जाए और जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन नगर पालिका की लापरवाही को लेकर प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग तेज हो गई है।
