इटावा। पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल में नर्सरी से 8वीं कक्षा तक के वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ की गई। परीक्षा परिणाम प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय द्वारा प्रत्येक कक्षा से 10-10 उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इटावा सदर तहसीलदार राजकुमार सिंह रहे। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के पूजन एवं माल्यार्पण के साथ हुई।

मुख्य अतिथि राजकुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए जिज्ञासु होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को “क्यों” और “कैसे” जैसे प्रश्न पूछने की आदत विकसित करने, निरंतरता बनाए रखने, अनुशासन और समय प्रबंधन का पालन करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को सकारात्मक दिशा में मार्गदर्शन देने का आह्वान किया। उन्होंने छात्राओं को विशेष रूप से सोशल मीडिया का उपयोग अभिभावकों की निगरानी में करने की सलाह दी।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने बताया कि वे पिछले 25 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत हैं और उनका उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल, संगीत, विज्ञान एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
इस अवसर पर आगामी शैक्षणिक सत्र की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। विद्यालय प्रशासन ने घोषणा की कि नए सत्र से नेशनल कैडेट कोर (NCC) की शुरुआत की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ, जिसने सभी को शिक्षा के प्रति और अधिक जागरूक किया।
