मिशन शक्ति 5.0 इटावा में कन्या पूजन, सरस मेला और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

सदर विधायिका, जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया सशक्तिकरण का आह्वान

इटावा। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी महिला सशक्तिकरण योजना ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ के अंतर्गत मंगलवार 30 सितंबर 2025 को जनपद इटावा में एक भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, शास्त्री चौराहा स्थित परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में कन्या पूजन, सरस मेला का उद्घाटन और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिकाओं एवं महिलाओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि  सदर विधायिका सरिता भदौरिया रहीं। उन्होंने जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर सरस मेला का औपचारिक उद्घाटन किया।

कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण सरस मेला रहा, जहाँ महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों और स्वनिर्मित व्यंजनों की एक शानदार प्रदर्शनी लगाई गई। इस मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को मंच प्रदान कर महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना था।

सदर विधायिका ने मेधावी छात्राओं को टैबलेट और चेक वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। इसके साथ ही, शारदीय नवरात्रि के पवित्र अवसर पर बालिकाओं को देवी स्वरूप मानते हुए उनका कन्या पूजन किया गया। उन्हें तिलक लगाकर, आरती उतारकर और उपहार भेंट कर नारी सम्मान की संस्कृति को जीवंत किया गया।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और मिशन शक्ति ट्रॉफी प्रदान कर उनके समर्पण और उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रोत्साहित किया गया।

​सदर विधायक ने अपने संबोधन में  नारी शक्ति के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “नारी शक्ति को सशक्त करना, समाज को सशक्त करना है। हर बेटी में अपार संभावनाएँ हैं, जरूरत है उन्हें पहचानने और सही दिशा देने की।” उन्होंने बताया अष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री के द्वारा चलाई जा रही योजना के तहत यहां पर 101 कन्याओं का पूजन कराया गया। यहां हम लोगों ने उन कन्याओं का पूजन किया और एक सरस मेले का आयोजन किया गया जिसमें महिलाओं ने कई स्टॉल लगाए इस मेले में पुलिस विभाग की तरफ से महिला सशक्तिकरण को लेकर एक स्टॉल भी लगाया गया।

​इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था। प्रशासन, समाज और महिलाओं की संयुक्त भागीदारी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि राज्य सरकार मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *