ज्ञानस्थली गेम्स टूर्नामेंट का आगाज: उद्घाटन मैच में मेजबान करवाखेड़ा ने कटरा शमशेर खां को 51 रनों से हराया

करवाखेड़ा इटावा :ज्ञानस्थली विद्यालय में रविवार को ‘ज्ञानस्थली ग्रुप ऑफ स्कूल्स गेम्स टूर्नामेंट’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 30 नवंबर से 30 दिसंबर तक चलने वाले इस महीने भर के खेल महाकुंभ में वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और क्रिकेट की रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी। टूर्नामेंट के पहले दिन क्रिकेट मुकाबले में मेजबान ज्ञानस्थली करवाखेड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने किया खेल का शुभारंभ

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि विद्यालय समिति के अध्यक्ष (चेयरमैन) श्री शिवप्रसाद यादव और उपाध्यक्ष (वाइस चेयरमैन) श्री विनीत यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। अतिथियों ने मैदान पर बल्लेबाजी करते हुए एक गेंद खेलकर विधिवत खेल की शुरुआत की। मैच शुरू होने से पहले चेयरमैन, प्रधानाचार्य अंशुल तिवारी और शिवमंगल सर ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

खेलों से निखरता है व्यक्तित्व: चेयरमैन शिवप्रसाद यादव 

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए चेयरमैन श्री शिवप्रसाद यादव ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का आधार हैं। यह शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ तनाव कम करने और अनुशासन सिखाने में मदद करते हैं। खेलों से टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है, जो समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है।

मेजबान टीम की धमाकेदार जीत

उद्घाटन मैच ज्ञानस्थली कटरा शमशेर खां और ज्ञानस्थली करवाखेड़ा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर कटरा शमशेर खां ने करवाखेड़ा को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। मेजबान टीम ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और निर्धारित 12 ओवरों में 164 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कटरा शमशेर खां की टीम दबाव में बिखर गई और पूरी टीम 113 रनों पर सिमट गई।

इस अवसर पर विद्यालय प्रमुख शिवमंगल सर, नीरज त्रिपाठी, खेल विभाग प्रमुख वासिफ खान और विद्यालय के समस्त शिक्षक व छात्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *